चारधाम यात्रा सीजन के दौरान दुर्ग (छत्तीसगढ़) से हरिद्वार के बीच चलेगी विशेष ट्रेन
हरिद्वार, 02 अप्रैल (हि.स.)। देवभूमि उत्तराखंड में चार धाम यात्रा सीजन के दौरान दुर्ग-हरिद्वार के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। 19 अप्रैल से 28 जून तक दुर्ग (छत्तीसगढ़) से प्रत्येक शनिवार को और हरिद्वार से 20 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को यह विशेष ट्रेन चलाई जाएगी।
ट्रेन में वातानुकूलित, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। ताकि प्रत्येक वर्ग के लोग इस ट्रेन का लाभ ले सकें। मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि गर्मी के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग-हरिद्वार के बीच स्पेशल समर ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसका ठहराव रुड़की रेलवे स्टेशन पर भी रहेगा।
इससे हरिद्वार और उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। यह विशेष ट्रेन 19 अप्रैल से 28 जून तक दुर्ग से प्रत्येक शनिवार को और हरिद्वार से 20 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को चलाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

