home page

पौड़ी में आक्रोशित लोगों व ग्रामीणों ने खांडयूसैंण में लगाया जाम

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 04 नवंबर (हि.स.)। पौड़ी क्षेत्र के खांड्यूंसैंण में गुलदार के हमले में पांच वर्षीय बच्ची की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने खांड्यूंसैंण में पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गुलदार की सक्रियता के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। मौके पर डीएम के नहीं आने से आक्रोशित ग्रामीण व लोग पौड़ी पहुंच गए और एजेंची चौक पर जाम लगा दिया।

जाम लगाते हुए आक्रोशित लोगों व ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की आवाजाही बनी हुई है। आए दिन गुलदार की धमक से ग्रामीणों में भय का माहौल है। कई बार वन विभाग और प्रशासन को इसकी जानकारी देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

ग्रामीणों ने कहा कि अब गुलदार के हमले में पांच वर्षीय बच्ची की जान जाने के बाद भी यदि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो ग्रामीणों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। उन्होंने क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने, गश्त बढ़ाने और प्रभावित गांवों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में इतनी गंभीर घटना होने के बावजूद जिलाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचीं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई। जाम लगाने के बाद भी जब जिलाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचीं तो ग्रामीणों ने पौड़ी मुख्यालय की ओर रुख किया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एजेंसी चौक पर जाम लगा दिया।

बच्ची की मौत के बाद ग्रामीणों में भय के साथ ही प्रशासन के प्रति नाराजगी भी साफ दिखाई दी। वहीं, मंगलवार की शाम को घटनास्थल पर पहुंचे विधायक राजकुमार पोरी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है।

विधायक ने कहा कि मंगलवार को घटना के बाद जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद कांग्रेस व कुछ बाहरी लोगों ने उनके साथ अभद्रता और बदसलूकी की। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्ची की मौत जैसी दुखद घटना को कुछ लोगों ने राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया। विधायक ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार और प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को आवश्यक मदद दी जा रही है।

विधायक पोरी ने प्रशासन से मांग की कि घटनास्थल पर उनके साथ दुर्व्यवहार करने वाले लोगों को चिह्नित किया जाए और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की दुखद घटना के समय सभी को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए, न कि मामले को राजनीतिक रूप देना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह