home page

नशा मुक्त युवा शक्ति विकसित भारत की नींव: सीडीओ

 | 
नशा मुक्त युवा शक्ति विकसित भारत की नींव: सीडीओ


हरिद्वार, 08 सितंबर (हि.स.)। अमृता विश्व विद्यापीठम के हरिद्वार कैंपस में माता अमृतानंदमयी मठ की युवा शाखा अयुद्ध के सहयोग से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। स्वस्थ, जागरूक और नशा मुक्त युवा शक्ति ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

हरिद्वार एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के सब-इंस्पेक्टर एलएस बुटोला ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और करियर पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

माई भारत के जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार ने अभियान के उद्देश्यों और युवाओं की भूमिका पर जानकारी दी। अयुद्ध इंडिया के राष्ट्रीय समन्वयक ब्रह्मचारी मोक्षामृत चैतन्य ने विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

अमृता अस्पताल की नशा-मुक्ति विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मी ने नशे के मस्तिष्क एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में अयुद्ध इंडिया के नितिन शोडवानी और माता अमृतानंदमयी मठ के स्वयंसेवक आदित्य सिंह कटोच भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वस्थ, नशा मुक्त और विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला