home page

भीमताल में नशामुक्ति अभियान की शुरुआत, घर-घर गंगाजल वितरण होगा

 | 
भीमताल में नशामुक्ति अभियान की शुरुआत, घर-घर गंगाजल वितरण होगा


हल्द्वानी, 17 अप्रैल (हि.स.)। आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व दर्जा मंत्री हरीश पनेरू ने भीमताल क्षेत्र को नशा एवं शराब मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत प्रत्येक घर तक गंगाजल की बोतल, श्रीमद्भगवद गीता के अंश और हनुमान चालीसा पहुंचाई जाएगी।

शुक्रवार को शहर के रामपुर रोड स्थित एक रेस्तरा में हरीश पनेरू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि शराब समाज के लिए अभिशाप बनती जा रही है, जिससे कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं और सामाजिक ताना-बाना कमजोर हो रहा है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में बढ़ते नशे का प्रचलन सांस्कृतिक मूल्यों के लिए गंभीर चुनौती है।

पनेरू ने बताया कि अभियान का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के जरिए लोगों को नशामुक्ति के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों—विधायक, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी, ताकि व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो सके।

जनभागीदारी पर जोर

पनेरू ने आम जनता से अपील की कि वे इस पहल में सहयोग करें और स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदार बनें।

इस अवसर पर दीन दयाल गिरी, बाबा मनमोहन गिरी महाराज, समाजसेवी सुशील भट्ट, तेज सिंह बिष्ट, पीसी शर्मा, नारायण सिंह बरगली, नवीन, नरेश और मनोज सहित कई लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता