home page

हरिद्वार में 40 लाख रुपये का ड्रोन उड़ान भरते ही लापता, सुरक्षा पर उठे सवाल

 | 

हरिद्वार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के हरिद्वार में अर्द्धकुंभ 2027 की तैयारियों के दौरान एक अजीब घटना सामने आई है। यहां आईआईटी रुड़की से मंगाया गया लगभग 40 लाख रुपये का ड्रोन उड़ान भरने के तुरंत बाद लापता हो गया, जिससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह ड्रोन हरिद्वार में मैपिंग और अर्द्धकुंभ से संबंधित तकनीकी कार्यों के लिए उपयोग किया जा रहा था। उड़ान के दौरान ड्रोन का संपर्क टूट गया और उसकी अंतिम लोकेशन उत्तर हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में मिली। इसके बाद ड्रोन की खोज की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

इस मामले में हरिद्वार की शहर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ड्रोन की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक अनुमान यह है कि ड्रोन जंगल में गिर गया होगा या फिर किसी ने उसे रिहायशी इलाके में उठाया होगा।

अर्द्धकुंभ 2027 के लिए हरिद्वार में बड़े पैमाने पर तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में 40 लाख रुपये के इस हाईटेक ड्रोन का अचानक गायब होना सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ड्रोन तकनीकी कारणों से लापता हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला