home page

दहेज में कार की मांग बनी विवाहिता की मौत की वजह, मुकदमा दर्ज

 | 

हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)। लक्सर क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि दहेज में स्विफ्ट डिजायर कार की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक शप्रताड़ित किया गया। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है।

जसपुर रणजीतपुर निवासी सुरेश कुमार के अनुसार, उनकी पुत्री पूनम का विवाह वर्ष 2010 में फतवा निवासी सोनू कुमार से हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य दहेज में स्विफ्ट डिजायर कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर पूनम के साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और चरित्र पर बेबुनियाद आरोप लगाकर उसे प्रताड़ित किया जाता था।

शिकायत के मुताबिक, 20 अप्रैल 2026 को पूनम के साथ मारपीट की गई और उसे कथित तौर पर जहर खाकर मर जाने के लिए उकसाया गया। इसके बाद 29 अप्रैल को भी उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पूनम ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

सुरेश कुमार का कहना है कि उन्होंने 3 जून को लक्सर कोतवाली और 9 जून को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर दहेज हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला