home page

दून-पिथौरागढ़ के बीच आरसीएस उड़ान सेवा जल्द

 | 
दून-पिथौरागढ़ के बीच आरसीएस उड़ान सेवा जल्द


देहरादून, 17 मार्च (हि.स.)। दून-पिथौरागढ़ के बीच क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत हवाई सेवा जल्द शुरू होगी। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर यह जानकारी दी ।

मुख्यमंत्री धामी ने बीते दिनों केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर, देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच उड़ान सेवाओं को मजबूत करने के लिए पत्र लिखा था। इसी क्रम में केंद्रीय केंद्रीय नागर विमानन मंत्री नायडू ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया है कि देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच उड़ान सेवा के संचालन के लिए मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। औपचारिक प्रक्रिया पूर्ण होते ही इस मार्ग पर आरसीएस उड़ानों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से इस मार्ग पर नियमित उड़ान सेवा सुनिश्चित करने के लिए अन्य विमानन कंपनियों से भी संपर्क साधा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। दून-पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू होने से सीमांत जनपद के लोगों को राज्य की राजधानी से सीधा और त्वरित संपर्क मिलेगा, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की ओर से हाल ही में इस रूट पर हवाई सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया था। इसी के क्रम में केंद्र सरकार ने इस दिशा में कार्रवाई तेज करते हुए संबंधित विमानन कंपनी को प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय