home page

दून पुस्तक महोत्सव 2026 का समापन, 3.5 लाख से अधिक लोगों ने की सहभागिता

 | 
दून पुस्तक महोत्सव 2026 का समापन, 3.5 लाख से अधिक लोगों ने की सहभागिता


देहरादून, 12 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित 9 दिवसीय ‘दून पुस्तक महोत्सव 2026’ का रविवार को भव्य समापन हुआ। 4 अप्रैल से शुरू हुए इस महोत्सव में लगभग 3.5 लाख पुस्तक प्रेमियों, विद्यार्थियों और आमजन की सहभागिता दर्ज की गई, जो राज्य में बढ़ती पठन संस्कृति का संकेत है।

महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ‘दून लिट फेस्ट’ में देश के प्रख्यात साहित्यकारों, चिंतकों और विशेषज्ञों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर विचार साझा किए। फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के सत्र विशेष रूप से युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहे।

इस दौरान गढ़वाली और कुमाउनी भाषाओं में 26 पुस्तकों का लोकार्पण किया गया, जिससे क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा मिला। वहीं ‘बाल मंडप’ में आयोजित रचनात्मक गतिविधियों में बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। स्टोरीटेलिंग, आर्ट-क्राफ्ट, पपेट मेकिंग और कम्युनिकेशन स्किल्स जैसी गतिविधियों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। इससे रचनात्मक शिक्षा को प्रोत्साहन मिला।

महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। पांडवाज, नरेंद्र सिंह नेगी सहित कई कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। समापन अवसर पर ‘शंका ट्राइब’ बैंड की प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

आयोजकों के अनुसार, दून पुस्तक महोत्सव ने न केवल पठन संस्कृति को प्रोत्साहित किया, बल्कि उत्तराखंड को एक महत्वपूर्ण साहित्यिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाई है।

इंस्टाग्राम क्रिएटिव कंटेंट प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को जोड़ा गया, जिसमें चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय