home page

हर की पौड़ी पहुंची बाबा विश्वनाथ मां जगदीशीला डोली

 | 
हर की पौड़ी पहुंची बाबा विश्वनाथ मां जगदीशीला डोली


हरिद्वार, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बाबा विश्वनाथ मां जगदीशीला डोली यात्रा आज पवित्र तीर्थस्थल हर की पौड़ी पर श्रद्धा और भक्ति के साथ पहुंची। यह डोली यात्रा टिहरी गढ़वाल के विशौन पर्वत स्थित बाबा विश्वनाथ मां जगदीशीला मंदिर से प्रारंभ होकर वार्षिक भ्रमण के अंतर्गत हरिद्वार पहुंचती है।

इस अवसर पर स्वामी ललिता नंद गिरी महाराज के सानिध्य में गंगा पूजन और डोली स्नान की विधिवत रस्में सम्पन्न की गईं। इसके बाद डोली यात्रा उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के भ्रमण के लिए आगे रवाना हो गई।

यात्रा का नेतृत्व पूर्व कैबिनेट मंत्री, मंत्री प्रसाद नैथानी द्वारा किया जा रहा है, जबकि इसके संयोजन में शिक्षाविद कैलाशपति मैठानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गंगा दशहरे के पावन पर्व पर इस यात्रा का समापन टिहरी गढ़वाल के विशौन पर्वत स्थित बाबा विश्वनाथ धाम में होगा।

इस दौरान स्वामी ललिता नंद गिरी महाराज ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे दिव्य धाम स्थित हैं। बाबा विश्वनाथ मां जगदीशीला तीर्थ भगवान शिव और शक्ति की आराधना का प्रमुख केंद्र है और यह डोली यात्रा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का सशक्त माध्यम बन चुकी है।

मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि यह डोली यात्रा उत्तराखंड की आस्था और संस्कृति की पहचान है, जो गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों को धार्मिक एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य करती है। साथ ही यह उपेक्षित तीर्थ स्थलों के विकास और धार्मिक चेतना के प्रसार में भी अहम भूमिका निभा रही है।

इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे। समाजसेवी आमेश शर्मा, एडवोकेट वरुणेश चौधरी, मनोज झा, रुद्राक्ष सराय वाले, शाश्वत वशिष्ठ, विनोद नेगी, रजत शर्मा आदि ने स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला