मातृ मृत्यु रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
हरिद्वार, 13 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में मातृ मृत्यु की रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक गर्भवती महिला की नियमित एएनसी जांच और फॉलोअप सुनिश्चित करने तथा हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं की सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मेडिकल ऑफिसर, एएनएम, आशा कार्यकर्ता और सीएचओ की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईडीडी कॉलिंग के माध्यम से गर्भवती महिलाओं से समय पर संपर्क कर आवश्यक जांच, उपचार एवं प्रसव संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही ग्राम प्रधानों और सामुदायिक नेताओं की भागीदारी से एएनसी एवं सुरक्षित मातृत्व को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अनधिकृत निजी क्लीनिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा प्रत्येक पात्र बालिका को चिन्हित कर एसपीवी टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डेंगू सीजन को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क
डेंगू सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी ब्लॉक प्रभारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रतिदिन क्षेत्रीय सर्वे कराने तथा डेंगू संभावित क्षेत्रों में लोगों को बचाव एवं सावधानियों के प्रति जागरूक करने को कहा गया। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एसडीएच रुड़की डॉ. ए.के. मिश्रा, डॉ. अजय, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. वसुंधरा सहित संबंधित ब्लॉक प्रभारी, अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

