home page

हरिद्वार की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की कवायद

 | 
हरिद्वार की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की कवायद


हरिद्वार, 29 अगस्त (हि.स.)। जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। शनिवार को जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारिश और कांवड़ यात्रा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर बने गड्ढों का जायजा लेते हुए उनकी त्वरित गति से मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में सड़क की स्थिति को देखा और अधिकारियों से मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क पर जहां भी गड्ढे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए, ताकि आमजन और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि भारी वर्षा और कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क मार्गों पर बढ़े यातायात के कारण कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर तत्काल मरम्मत कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं और अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला