home page

15 अक्टूबर तक हरिद्वार की सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

 | 
15 अक्टूबर तक हरिद्वार की सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त


हरिद्वार, 21 अगस्त (हि.स.)। जनपद में क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य तेज कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत 15 अक्टूबर तक जिले की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को सप्तसरोवर क्षेत्र में पुराना एआरटीओ से भारत माता मंदिर मार्ग तथा आयरिश पुल के पास धोबी घाट (बैरागी कैंप) मार्ग पर चल रहे टाइल्स निर्माण एवं सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा और भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों की मरम्मत पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत और टाइल्स निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए।

डीएम ने कहा कि सड़क मरम्मत और टाइल्स निर्माण के साथ संबंधित क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को भी बेहतर किया जा रहा है। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यों को त्वरित गति से समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जनपदवासियों को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान एनएचएआई रुड़की के साइट इंजीनियर आकाश सिंह, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला