home page

डीएम के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, लघु सिंचाई विभाग में छह कर्मचारी नदारद

 | 
डीएम के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, लघु सिंचाई विभाग में छह कर्मचारी नदारद


चंपावत, 15 मई (हि.स.) सरकारी दफ्तरों में सुस्ती और देर से पहुंचने की आदत पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लघु सिंचाई विभाग कार्यालय में अचानक पहुंचकर औचक निरीक्षण किया, जहां कई अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी समय पर गायब मिले। निरीक्षण की खबर मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया।

जिलाधिकारी ने कार्यालय पहुंचते ही सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। जांच में अधिशासी अभियंता समेत छह कर्मचारी और अधिकारी समय पर कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों में अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूठा, अपर सहायक अभियंता टिंकू सिंह, प्रशासनिक अधिकारी पंकज रावत, हरेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ अभियंता तनुजा और अनुसेवक पुष्कर दत्त शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान सबसे ज्यादा नाराजगी इस बात को लेकर जताई गई कि विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ही समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे। जिलाधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अधिशासी अभियंता का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और लापरवाही अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति भी की जाएगी।

जिलाधिकारी की इस कार्रवाई के बाद अन्य विभागों में भी कर्मचारियों के बीच हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रशासनिक सख्ती और बढ़ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी