विद्यार्थी जीवन में किए प्रत्येक प्रयास से तय होती भविष्य की दिशा : डीएम
उत्तरकाशी, 18 अगस्त (हि.स.)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित अभिविन्यास कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते डीएम प्रशांत आर्य ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में किया गया प्रत्येक प्रयास भविष्य की दिशा निर्धारित करता है। शिक्षा को केवल परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास को भी समान महत्व दें।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के बात कही।
मंगलवार को रामचंद्र उनियाल राजकीय स्नोतकोत्तर महाविद्यालय में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें छात्रों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम प्रशांत आर्य, प्राचार्य प्रो पंकज पंत व अजीम प्रेम जी फाउंडेशन से जफर ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, पूर्व छात्र परिषद तथा विभिन्न संकायों में संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की गई। राष्ट्रीय सेवा योजना,एंटी ड्रग्स सेल,रोवर्स-रेंजर्स, एनसीसी, देवभूमि उद्यमिता योजना तथा समर्थ पोर्टल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। एंटी ड्रग्स सेल द्वारा छात्र-छात्रों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई । कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुमिता पंवार ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

