श्रीनगर मे नवंबर में होगी 10 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता, बूथ स्तर से बनेंगी टीमें
पौड़ी गढ़वाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए उन्हें खेलों से जोड़ना जरूरी है। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में नवंबर में 10 दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह बात कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आदिति पैलेस में युवा मोर्चा की ओर से आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कही।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ से क्रिकेट टीम बनाई जाएगी। पर्याप्त खिलाड़ी न होने पर दो बूथों को मिलाकर टीम गठित की जाएगी। मंडल स्तर पर मुकाबलों के बाद चयनित टीमें आपस में खेलेंगी। प्रतियोगिता में 16 से 40 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे।
प्रथम स्थान पाने वाली टीम को एक लाख, द्वितीय को 51 हजार और तृतीय स्थान पाने वाली टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। अन्य टीमों को सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। प्रथम विजेता टीम को ट्रैक सूट और सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट दी जाएगी। युवाओं को 25 अक्टूबर तक पंजीकरण कराने को कहा गया है।
डॉ. रावत ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की पसंद के अनुसार क्रिकेट, वॉलीबॉल और फुटबॉल की खेल किट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए गठित पांच सदस्यीय समिति को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में तनुश्री और सुमित बिष्ट को सम्मानित किया गया। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गणेश राठी ने कहा कि प्रत्येक बूथ से टीम तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन शुभम प्रभाकर ने किया। इस दौरान जिला प्रभारी गणेश भट्ट, श्रीनगर मंडल अध्यक्ष यशीश रावत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी, मंडल अध्यक्ष ललिता नेगी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जगमोहन नेगी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

