home page

संवेदनशील बूथों पर कड़ी नजर, एक माह में शस्त्र लाइसेंस सत्यापन के निर्देश

 | 
संवेदनशील बूथों पर कड़ी नजर, एक माह में शस्त्र लाइसेंस सत्यापन के निर्देश


पौड़ी गढ़वाल, 29 सितंबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों, निर्वाचन व्यय की निगरानी, कानून-व्यवस्था, मतदाता सूची पुनरीक्षण, कार्मिक व्यवस्था और मतदाता जागरूकता समेत चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने पिछली निर्वाचन प्रक्रिया के आंकड़ों और अनुभवों के आधार पर संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिन्हित बूथों पर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध होनी चाहिए। बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, फर्नीचर और छाया जैसी व्यवस्थाओं का पूर्व सत्यापन कर कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए। मतदान केंद्रों तक पहुंच मार्ग और परिसर की स्थिति का भी निरीक्षण करने को कहा गया।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा में जिलाधिकारी ने निवारक कार्रवाई तेज करने के साथ अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए। शस्त्र लाइसेंसों का विशेष अभियान चलाकर एक माह में सत्यापन पूरा करने को कहा गया। एसडीएम को संबंधित क्षेत्राधिकारियों और आबकारी निरीक्षकों के साथ समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सीमावर्ती तहसीलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह