home page

मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना: हरिद्वार में 116 खिलाड़ियों ने दिया चयन ट्रायल

 | 
मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना: हरिद्वार में 116 खिलाड़ियों ने दिया चयन ट्रायल


हरिद्वार, 20 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम योजना 2026-27 के तहत हरिद्वार में जनपद स्तरीय चयन ट्रायल शुरू हो गए हैं। प्रथम दिवस योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में हॉकी, बॉक्सिंग, कबड्डी, जूडो और कराटे की चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। ट्रायल में जिले के विभिन्न विकासखंडों, नगर निगम एवं नगर पालिका स्तर से चयनित खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

चार आयु वर्गों 14 से 17 वर्ष, 17 से 19 वर्ष, 19 से 21 वर्ष तथा 21 से 23 वर्षकृमें आयोजित चयन ट्रायल में पांच खेल विधाओं के कुल 116 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इनमें 77 बालक और 39 बालिकाएं शामिल रहीं। खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपने कौशल और दक्षता का प्रदर्शन कर चयन के लिए दावेदारी पेश की।

चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता के साथ खेल विशेष की दक्षता को भी परखा गया। इसके लिए बैट्री टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें 30 मीटर फ्लाइंग रन, वर्टिकल जंप, 6-10 शटल रन, मेडिसिन बॉल थ्रो और 800 मीटर दौड़ शामिल रही। इसके अलावा संबंधित खेल विधाओं में खिलाड़ियों के कौशल और प्रदर्शन का भी मूल्यांकन किया गया।

मेरिट के आधार पर प्रत्येक आयु वर्ग में प्रत्येक खेल से दो बालक और दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 2,000 प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही खेल उपकरण खरीदने के लिए वर्ष में 10,000 की एकमुश्त राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खिलाड़ियों के बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी।

कल पांच खेलों के होंगे ट्रायल

चयन प्रक्रिया के दूसरे दिन 21 अगस्तको योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में सुबह 8 बजे से बास्केटबॉल, ताईक्वांडो, फुटबॉल, टेबल-टेनिस और वॉलीबॉल के जनपद स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला खेल विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग और युवा कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं।

योजना का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देकर उनकी खेल प्रतिभा को निखारना और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला