केतन लाल हत्याकांड में शामिल सह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
नई टिहरी, 24 अगस्त (हि.स.)। प्रतापनगर ब्लॉक के चर्चित देवल गांव के चर्चित केतन लाल हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में बेमियादी धरना शुरू कर दिया है।
आरोप लगाया कि केतन की पिटाई करने में लड़की की मां समेत कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। लड़की की मां सोशल मीडिया में स्वीकार भी कर रही है। लेकिन पुलिस उनकी गिरफ्तारी नहीं कर रही है। उन्होंने केतन हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक बेमियादी धरना जारी करने की चेतावनी दी।
सोमवार को देवल गांव के मृतक केतन लाल के पिता धनपाल लाल समेत जय भीम आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट में बेमियादी धरने पर बैठ गए। उन्होंने घटना में शामिल सह आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस भीड़ के दबाव में काम कर रही है। कहा कि पूर्व में डीएम को लड़की की मां,लड़की सहित कुछ लोगों को गिरफ्तार करने,परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी देने,गांव से बाहर सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास करने, हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करने,विधि विज्ञान प्रयोगशाला के वैज्ञानिकों की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग आदि मांगों को लेकर ज्ञापन दिया था। लेकिन लंबे समय बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई है। जिस कारण पीड़ित परिवार दर-दर की भटकने को मजबूर है। उल्टा पुलिस ने भीड़ के दबाव में घटना के मुख्य चश्मदीद गवाह दिवाकर डिमरी पर पोक्सो का केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
उन्होंने कहा कि मांगों का निराकरण न होने तक कलेक्ट्रेट में धरना जारी रहेगा। इस मौके पर मनीषा, शिवानी, रूकमणी देवी, राधा देवी, मोहन लाल, सब्बल सिंह, तेजपाल, संजय लाल, दिलीप वर्मन मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

