छात्राओं ने सीखे जिंदगी बचाने के गुर, भूकंप से लेकर आग बुझाने तक का लिया प्रशिक्षण
- आईटीबीपी के विशेषज्ञों ने दिया आपदा प्रबंधन का व्यावहारिक
- छात्राओं ने खुद तैयार किया अस्थायी स्ट्रेचर और सीखी बचाव तकनीकें
मसूरी, 27 नवंबर (हि.स.)। आपदा कभी भी और किसी भी रूप में दस्तक दे सकती है। ऐसे में जागरूकता और सही प्रशिक्षण किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसी उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ मसूरी की ओर से श्री सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज में जीवन रक्षक प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 200 छात्राओं ने भूकंप, आग लगने और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के तरीके सीखे। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) मसूरी के विशेषज्ञों ने छात्राओं को प्रशिक्षण देने के साथ विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।
आईटीबीपी के इंस्पेक्टर अखिलेश प्रताप के नेतृत्व में प्रशिक्षकों की टीम ने छात्राओं को आपदा के दौरान स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों की मदद करने के तरीके बताए। भूकंप के दौरान बचाव के लिए 'झुको, ढको और पकड़ो' तकनीक का प्रदर्शन किया गया। छात्राओं को बताया गया कि भूकंप आने पर घबराने के बजाय किस तरह सुरक्षित स्थान पर रहकर खुद को चोट से बचाया जा सकता है। इसके साथ ही मलबे में फंसे लोगों की तलाश, उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीके भी समझाए गए।
प्रशिक्षण में प्राथमिक उपचार पर भी विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को रक्तस्राव रोकने, पट्टी बांधने, हड्डी टूटने की स्थिति में शुरुआती उपचार करने और घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से संभालने का अभ्यास कराया गया। उन्हें बताया गया कि आपातकाल में चिकित्सकीय सहायता पहुंचने से पहले प्राथमिक उपचार कई बार जीवन बचाने में निर्णायक साबित होता है।
कार्यक्रम के दौरान उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने और रस्सियों की मदद से बचाव उपकरणों का इस्तेमाल करने का प्रशिक्षण भी दिया गया। आग लगने की स्थिति में सुरक्षित बाहर निकलने, बचाव के उपाय अपनाने और अग्निशामक यंत्र के सही इस्तेमाल का प्रदर्शन किया गया। छात्राओं ने स्वयं इन गतिविधियों में हिस्सा लेकर जीवन रक्षक तकनीकों का अभ्यास किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नम्रता श्रीवास्तव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से छात्राओं को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक जीवन कौशल सीखने का अवसर मिलता है। ये कौशल मुश्किल परिस्थितियों में उनके साथ-साथ दूसरों की जान बचाने में भी उपयोगी साबित हो सकते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष अश्वनी मित्तल ने किया, जबकि संचालन रोटेरियन मयूर गर्ग ने किया। रोटरी क्लब की ओर से बताया गया कि समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति तैयार करने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जाते हैं।
इस अवसर पर श्री सनातन धर्म सभा के संरक्षक राकेश अग्रवाल, मनोरंजन त्रिपाठी, सचिव नूपुर कर्णवाल कैंतुरा, शैलेंद्र कर्णवाल, दीपक गुप्ता, संजय अग्रवाल, शिवम अग्रवाल और विनेश संघल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

