अति वरिष्ठ पेंशनभोगियों को घर पर मिली डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की सुविधा, 200 लोगों को किया गया लाभान्वित
देहरादून, 17 नवंबर (हि.स.)। संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा कार्यालय, उत्तराखंड की ओर से दो और तीन नवंबर को आयोजित डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र फेस ऑथेंटिकेशन शिविर में करीब 200 पेंशनभोगियों को सुविधा प्रदान की गई। इस दौरान 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के पेंशनभोगियों को उनके घर जाकर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने में सहायता दी गई।
संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा (जेसीसीए), उत्तराखंड, देहरादून के कार्यालय की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पेंशनभोगियों को आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी) जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराना था।
इस पहल के तहत कार्यालय की विशेष टीम ने 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनभोगियों के आवास पर पहुंचकर उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान की। इससे बुजुर्ग पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कार्यालय अथवा बैंक जाने की परेशानी से राहत मिली।
आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा के माध्यम से पेंशनभोगी स्मार्टफोन का इस्तेमाल कर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बना सकते हैं। इससे भौतिक रूप से जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की आवश्यकता नहीं रहती और प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुविधाजनक हो जाती है।
कार्यालय के अनुसार यह पहल केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत डिजिटल सुशासन और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने के प्रयासों का हिस्सा है। इसके माध्यम से विशेष रूप से वरिष्ठ और अति वरिष्ठ पेंशनभोगियों को तकनीक आधारित सेवाएं उनके घर तक उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

