home page

गुरु नानक देव की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत : धामी

 | 
गुरु नानक देव की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत : धामी


गुरु नानक देव की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत : धामी


देहरादून, 24 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाते हुए मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया।

मुख्यमंत्री मंगलवार को गुरु गोविंद नगर रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। साथ ही संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन शिक्षाओं को दैनिक जीवन में अपनाकर बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सिख परंपरा की 'सरबत दा भला' की भावना सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। संगत और लंगर की परंपरा के माध्यम से गुरु नानक देव जी ने सामाजिक समानता को व्यवहार में स्थापित किया। लंगर में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक ही पंगत में बैठकर भोजन करते हैं, जो सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है।

धामी ने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में उसका योगदान अनुकरणीय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का मार्ग सुगम हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। प्रदेश में स्थित श्री हेमकुंड साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। इससे श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की यात्रा सुगम होगी।

उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना, प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का व्यावहारिक अनुसरण है। उन्होंने प्रकाश पर्व पर सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में संगत उपस्थित थी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय