home page

धामी का कार्यकाल साहसिक निर्णयों के लिए याद रखा जाएगा : महेंद्र भट्ट

 | 
धामी का कार्यकाल साहसिक निर्णयों के लिए याद रखा जाएगा : महेंद्र भट्ट


देहरादून, 09 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड में सर्वाधिक लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने पर बधाई देते हुए कहा कि उनका कार्यकाल राज्य के विकास, सुशासन और कई ऐतिहासिक निर्णयों के लिए याद रखा जाएगा।

श्री भट्ट ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री धामी का कार्यकाल केवल समय की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, धार्मिक स्थलों के विकास, आधारभूत ढांचे के विस्तार और रोजगार सृजन जैसे निर्णयों के कारण भी ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने दावा किया कि धामी सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड देश के अन्य राज्यों के लिए रोल मॉडल के रूप में उभरा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में चारधाम परियोजनाओं, सड़क एवं रेल संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों के हित में अनेक फैसले लिए हैं, जिनका लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय