पर्वतारोहियों का साहस, अनुशासन और टीम भावना युवाओं के लिए प्रेरणादायी : मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 24 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग इन किया। इनमें जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई देते हुए चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और दल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की उपलब्धियां उत्तराखंड सहित देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
उन्होंने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। संस्थान युवाओं को पर्वतारोहण और साहसिक गतिविधियों का उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देने के साथ उनमें नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित कर रहा है।
अर्जेंटीना स्थित 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ के लिए नेहरू पर्वतारोहण संस्थान और जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान का संयुक्त अभियान कर्नल हेम चंद्र सिंह के नेतृत्व में संचालित हुआ। छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी को चोटी पर सफल आरोहण किया। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित दक्षिणी प्रखंड से ध्वज दिखाकर रवाना किया था।
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफल आरोहण किया। इसके बाद 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफल आरोहण किया। इस प्रकार दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण की उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं उपलब्ध कराती हैं। ऐसी उपलब्धियां युवाओं को साहसिक खेलों के लिए प्रेरित करने के साथ उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करती हैं।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान, पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित अधिकारी और विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों के सदस्य उपस्थित रहे।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

