देवीधुरा में 9.80 करोड़ से बनेगी मल्टी लेवल पार्किंग, 83 कारों की होगी क्षमता
देहरादून, 18 अगस्त (हि.स.)। चंपावत के प्रसिद्ध देवीधुरा क्षेत्र में पार्किंग और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए 9.80 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की योजना को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। ग्राम देचमार, तहसील पाटी में प्रस्तावित इस पार्किंग में 83 कारों के खड़े करने की व्यवस्था होगी। परिसर में शौचालय और केयरटेकर रूम भी बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह परियोजना तैयार की गई है। मंगलवार को सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई विभागीय व्यय समिति की बैठक में परियोजना के तकनीकी, वित्तीय और भूमि संबंधी पहलुओं पर चर्चा की गई।
समिति ने 980.23 लाख रुपये की औचित्यपूर्ण लागत पर परियोजना को सैद्धांतिक सहमति दी। अब प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा जाएगा। वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
देवीधुरा में प्रसिद्ध बग्वाल मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। सीमित पार्किंग व्यवस्था के कारण वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करना पड़ता है, जिससे यातायात प्रभावित होने और जाम की स्थिति बनने की समस्या रहती है। वर्षभर आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए भी व्यवस्थित पार्किंग की जरूरत महसूस की जा रही थी।
अधिकारियों के अनुसार मल्टी लेवल पार्किंग बनने से वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने की सुविधा मिलेगी और मुख्य सड़क पर अनियंत्रित पार्किंग कम होने से यातायात व्यवस्था सुचारु रखने में मदद मिलेगी।
परियोजना के लिए पहले 994.80 लाख रुपये का आगणन तैयार किया गया था। पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत होने के कारण नियोजन विभाग के तकनीकी संप्रेक्षा प्रकोष्ठ से परीक्षण कराया गया। परीक्षण के बाद 980.23 लाख रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण पाया गया।
बैठक में परियोजना की संरचना में भी बदलाव किया गया। सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने दोपहिया पार्किंग, दुकानों और कैफे का प्रावधान हटाकर मुख्य रूप से कार पार्किंग पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए। संशोधित प्रस्ताव में 83 कारों के लिए पार्किंग के साथ पर्याप्त शौचालय और केयरटेकर रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
परियोजना के लिए ग्राम देचमार पट्टी देवीधुरा में 0.88 हेक्टेयर पंचायत वन भूमि चिन्हित की गई है। यह भूमि खाता-खतौनी संख्या 16 के खसरा संख्या 1864 में दर्ज है और देवीधुरा मेला क्षेत्र के निकट सड़क से लगी हुई है। वन विभाग की ओर से भी प्रकरण पर सैद्धांतिक स्वीकृति दी जा चुकी है।
परियोजना में पर्यावरणीय प्रावधानों के तहत एनपीवीओ, क्षतिपूरक वनीकरण, मृदा एवं नमी संरक्षण योजना तथा वन्यजीव प्रबंधन योजना के लिए 34.66 लाख रुपये की धनराशि कैंपा कोष में जमा की जानी है। यह राशि मूल आगणन में ही शामिल की गई है और इसके लिए अतिरिक्त बजट की मांग नहीं की जाएगी।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि देवीधुरा में मल्टी लेवल पार्किंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इससे बग्वाल मेले सहित अन्य अवसरों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी और श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

