home page

जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

 | 
जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा


पौड़ी गढ़वाल, 14 जुलाई (हि.स.)। यमकेश्वर के नीलकंठ में 30 जुलाई से शुरू होने वाली विश्वप्रसिद्ध कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने नीलकंठ महादेव मंदिर क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने पेयजल, विद्युत, सड़क, पैदल मार्ग, स्वच्छता, पार्किंग, ट्रैफिक, सुरक्षा, संचार नेटवर्क, आपदा प्रबंधन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं आसपास इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के कार्य का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि सभी शार्प टर्न, पैदल मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले स्थलों पर यात्रा शुरू होने से पहले कार्य पूरा कर लिया जाए। उन्होंने सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, जलभराव वाले स्थानों पर पैचवर्क तथा नालियों की सफाई एवं प्रभावी जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। लोनिवि के अधिकारियों ने अवगत कराया कि पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में नीलकंठ सड़क की टॉप लेयर मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

उप जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में जारी धनराशि से पुंडरासू से आने वाले पैदल मार्ग के निर्माण का कार्य वन विभाग एवं विकासखंड द्वारा किया जा रहा है, जिसे एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने इस मार्ग पर रेलिंग, संकेतक बोर्ड, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंदिर के पीछे चल रहे लीगेसी वेस्ट निस्तारण कार्य का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने 25 जुलाई तक पूरे क्षेत्र की सफाई पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यात्रा क्षेत्र में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी व 5 जुलाई से संचालित विशेष स्वच्छता अभियान यात्रा अवधि तक निरंतर जारी रखा जाए। साथ ही पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती एवं नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने को कहा। बिजली एवं पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल, शौचालयों में नियमित जलापूर्ति तथा स्थायी शौचालयों में स्थायी जल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल बिंदुओं की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित करने को कहा।

जिला पंचायत पार्किंग एवं शौचालयों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की संभावित संख्या को देखते हुए पार्किंग प्रबंधन को सुव्यवस्थित रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पैदल मार्गों पर पुलियों को मजबूत करने, भू-कटाव वाले क्षेत्रों का उपचार व वर्षाजल निकासी हेतु कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चिन्हित स्थानों पर अतिरिक्त कूड़ेदान स्थापित करने के भी निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह