मानसून को लेकर निकायों की परखी तैयारियां
पौड़ी गढ़वाल, 03 जून (हि.स.)। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने मानसून सीजन से पूर्व नगर निकाय क्षेत्रों में संभावित जलभराव की समस्याओं और उनके निराकरण के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने मंडल मुख्यालय पौड़ी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर निकायों एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का विस्तृत जायज़ा लिया। बैठक में आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी नगर निकाय अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव संभावित स्थलों का चिन्हीकरण कर समय रहते आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में त्वरित जल निकासी के लिए पंपों एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी जाए। आयुक्त ने सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिवर्ष विद्युत ऑडिट कराने के निर्देश दिए। साथ ही अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल को मुनिकीरेती क्षेत्र में एलईडी डिस्प्ले के माध्यम से स्वच्छता संबंधी जनजागरुकता अभियान संचालित करने को कहा।
आयुक्त ने कहा कि मानसून पूर्व किए जा रहे सभी कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट संबंधित विभागों को उपलब्ध करायी जाए। बरसाती जल की सुचारु निकासी सुनिश्चित करने के लिए नालों एवं नालियों की व्यापक सफाई समय से पूरी की जाए, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने नगर निकायों को मानसून से पूर्व स्वास्थ्य जागरुकता शिविर आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के मौसम में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए जनजागरुकता आवश्यक है। उन्होंने सार्वजनिक एवं सुलभ शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आंतरिक सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने, नालियों की मरम्मत एवं सफाई कराने और पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच एवं आकस्मिक निरीक्षण सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही स्वच्छता के प्रति व्यापक प्रचार-प्रसार और जनभागीदारी आधारित जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग एवं अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े नगर निकाय अपने क्षेत्रों में प्रमुख स्थानों पर साइन बोर्ड तथा पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान स्थापित करें।
उन्होंने स्वच्छता मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निकाय क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में निर्माणदायी संस्थाओं के माध्यम से क्षतिग्रस्त नालियों एवं जल निकासी संरचनाओं की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि टूटी हुई नालियों के कारण वर्षा के दौरान आवासीय क्षेत्रों में जलभराव एवं अन्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए इनके सुधार में किसी प्रकार की देरी न की जाए। इसके अतिरिक्त बैठक में पार्किंग स्थलों की नियमित साफ-सफाई, आंतरिक मोटर मार्गों पर ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण और स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर आयुक्त (प्रशासन) उत्तम सिंह चौहान, विभिन्न जिलों के अपर जिलाधिकारी, नगर निगमों के आयुक्त, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

