home page

जौनपुर ब्लॉक क्षेत्र में नशे के खिलाफ विभाग चलाएंगे प्रभावी कार्रवाई

 | 
जौनपुर ब्लॉक क्षेत्र में नशे के खिलाफ विभाग चलाएंगे प्रभावी कार्रवाई


नई टिहरी, 27 अगस्त (हि.स.)। जौनपुर ब्लॉक के सत्यो, सकलाना, धनोल्टी और कैंपटी क्षेत्र में नशे के खिलाफ अब राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करेंगे। डीएम नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस पर निर्णय लिया गया। डीएम ने समाज कल्याण विभाग को शराब मुक्त घोषित गांवों की सूची अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।

पुलिस को पोस्त व अफीम की फसलों की अवैध खेती की संभावना वाले क्षेत्रों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। वीरवार को जिला सभागर में जिला स्तरीय नशा नियंत्रण समन्वय समिति की बैठक में डीएम नीतिका ने जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान, कार्रवाई और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। औषधि निरीक्षक को सभी क्षेत्रों में निरीक्षण बढ़ाने तथा सभी मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अगली बैठक में टीएचडीसी के अधिकारियों और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भी बुलाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि तंबाकू नियंत्रण अधिनियम के तहत बीते जुलाई माह में 262 चालान किए गए। बैठक में डीएफओ हिमांशु, एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, मनोचिकित्सक डॉ. रीना सिंह, औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा, एसीएमओ डॉ. अमलेश कुमार आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी