home page

हरिद्वार-सोमनाथ के बीच सीधी रेल सेवा की मांग, रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन

 | 
हरिद्वार-सोमनाथ के बीच सीधी रेल सेवा की मांग, रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन


हरिद्वार, 24 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारत गुजराती समाज ने हरिद्वार और सोमनाथ के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की है। समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को मांग पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया।

समाज के अध्यक्ष संजय पटेल ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि हरिद्वार देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्रों में शामिल है, जबकि गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। दोनों तीर्थस्थलों के बीच सीधी ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ता है।

समाज ने मांग की कि हरिद्वार से सोमनाथ के बीच कम से कम साप्ताहिक या द्विसाप्ताहिक सीधी ट्रेन शुरू की जाए। नियमित सेवा शुरू होने तक इस मार्ग पर विशेष तीर्थ यात्री ट्रेनें संचालित करने का भी आग्रह किया गया है।

मांग पत्र में प्रस्तावित रेल सेवा से देहरादून क्षेत्र और गुजरात के प्रमुख धार्मिक व रेलवे स्टेशनों को जोड़ने की मांग भी की गई है। समाज ने उम्मीद जताई कि श्रद्धालुओं की सुविधा और जनभावनाओं को देखते हुए रेल मंत्रालय इस मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा। ज्ञापन की प्रति हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला