home page

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून की बड़ी छलांग, देश में 12वें स्थान पर

 | 
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून की बड़ी छलांग, देश में 12वें स्थान पर


देहरादून, 7 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छ और स्वस्थ उत्तराखंड की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को बड़ी उपलब्धि मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में देहरादून ने 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में 12 वां स्थान हासिल किया है। राजधानी ने तीन वर्षों में 37 वें स्थान से 12 वें स्थान तक का सफर तय किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपलब्धि पर देहरादूनवासियों को बधाई दी है।

वर्ष 2024 में देहरादून इस श्रेणी में 41 वें स्थान पर था, जबकि 2025 में सुधार करते हुए 19वें स्थान पर पहुंचा। वर्ष 2026 में शहर ने 12वां स्थान हासिल किया। लगातार बेहतर होती रैंकिंग को वायु प्रदूषण नियंत्रण, धूल प्रबंधन, सड़क सफाई, वाहनों के उत्सर्जन पर निगरानी, स्वच्छ परिवहन, जनजागरूकता और पर्यावरणीय मॉनिटरिंग के प्रयासों का परिणाम बताया गया है।

शहर में धूल और प्रदूषक कणों के नियंत्रण के लिए संवेदनशील एवं सघन क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से जल छिड़काव किया गया। प्रमुख मार्गों और सड़क किनारे जमा धूल को नियंत्रित करने के लिए यांत्रिक सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया तथा मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का नियमित संचालन किया गया।

खुले में कूड़ा और पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए गए। नागरिकों से कूड़ा नहीं जलाने और पर्यावरण संरक्षण को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने की अपील की गई।

वाहनों से होने वाले उत्सर्जन पर नियंत्रण के लिए पीयूसी प्रमाणपत्रों की नियमित जांच की गई। निर्धारित मानकों से अधिक उत्सर्जन करने वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। शहर में ईवी चार्जिंग ढांचे को भी विस्तार दिया गया है।

राज्य सरकार के अनुसार वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए विभिन्न विभागों, नगर निगम, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों को महत्वपूर्ण माना गया है। निरंतर मॉनिटरिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपलब्धि पर देहरादूनवासियों, नगर निगम, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित विभागों को बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून का 37वें से 12वें स्थान पर पहुंचना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह जागरूक जनता की सक्रिय भागीदारी, नगर निगम के समर्पित कार्यों और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की सतत निगरानी का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। स्वच्छ वायु केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के स्वस्थ जीवन और बेहतर भविष्य से जुड़ा विषय है। देहरादून की उपलब्धि स्वच्छ वायु के लिए सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय