home page

सप्तसरोवर रोड स्थित चाय की दुकान में निठारी कांड से जुड़े सुरेंद्र कोली का शव मिला

 | 
सप्तसरोवर रोड स्थित चाय की दुकान में निठारी कांड से जुड़े सुरेंद्र कोली का शव मिला


हरिद्वार, 18 सितंबर (हि.स.)। निठारी हत्याकांड से जुड़े रहे सुरेंद्र कोली की शुक्रवार को हरिद्वार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव उत्तरी हरिद्वार के सप्तसरोवर क्षेत्र में लालमाता मंदिर के सामने स्थित एक चाय की दुकान में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अल्मोड़ा स्थित उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

पुलिस के अनुसार, शहर कोतवाली की सप्तऋषि पुलिस चौकी को सप्तसरोवर रोड स्थित चाय की दुकान में एक व्यक्ति के मृत मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मृतक की पहचान ग्राम मंगरुखाल, भिकियासैंण, अल्मोड़ा निवासी सुरेंद्र कोली के रूप में हुई।

बताया गया कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ समय से हरिद्वार में रह रहा था और किराये पर चाय का खोखा लेकर कारोबार करता था। प्रारंभिक जांच में दुकान से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के मुताबिक मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मृतक की पहचान सुरेंद्र कोली के रूप में हुई है, जो निठारी मामले में आरोपी रहा था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

2025 में सभी मामलों में हुआ था बरी:

सुरेंद्र कोली का नाम वर्ष 2006 में सामने आए निठारी हत्याकांड से जुड़ा था। लंबे समय तक चले मुकदमों में उसे कई मामलों में दोषी ठहराया गया था। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कई मामलों में उसे बरी कर दिया था। जुलाई 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने उसके खिलाफ 12 मामलों में बरी किए जाने के फैसले को बरकरार रखा था। नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने लंबित अंतिम मामले में भी उसकी दोषसिद्धि रद्द करते हुए उसे बरी कर दिया था और तत्काल रिहाई के निर्देश दिए थे।

हरिद्वार में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला