home page

स्कूल नहीं जाने पर पिता की फटकार से नाराज छात्र ने जहरीला पदार्थ खाया, मौत

 | 

हरिद्वार, 23 अगस्त (हि.स.)। स्कूल नहीं जाने को लेकर पिता की फटकार से नाराज कक्षा 11 के एक छात्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सुल्तानपुर स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति में उसे रुड़की रेफर किया गया। उपचार के दौरान छात्र की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र ने सल्फास का सेवन किया था।

निहेंदपुर सुठरी गांव निवासी शोएब सुल्तानपुर क्षेत्र के एक विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र था। परिजनों के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से स्कूल नहीं जा रहा था। शनिवार को स्कूल जाने को लेकर उसके पिता ने उसे फटकार लगाई थी। इसके बाद उसने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। वे आनन-फानन में उसे सुल्तानपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रुड़की रेफर कर दिया। रुड़की में उपचार के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला