हबीबपुर निविदा में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
हरिद्वार, 18 जुलाई (हि.स.)। पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के हबीबपुर निविदा गांव में 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हबीबपुर निविदा निवासी नीलू सैनी (32) पत्नी बसंत सैनी ने कथित रूप से घरेलू विवाद के चलते शनिवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों ने उनकी हालत बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कलियर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत हो रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

