गार्डर गिरने से घायल हुए कांग्रेस नेता मेहता की मौत, कांग्रेस में शोक
देहरादून, 17 जुलाई (हि.स.)। बन्नू स्कूल मैदान में गार्डर गिरने से घायल हुए कांग्रेस नेता अमर मेहता की मौत हो गई है। उन्हें शुक्रवार सुबह लक्खीबाग श्मशान घाट पर अंतिम विदाई दी गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गुरुवार को राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियों को देखने अमर मेहता बन्नू स्कूल पहुंचे। इस दौरान उनके सिर पर गार्डर गिर गया। उन्हें सीएम आई भर्ती किया गया। जहां उन्होंने गुरुवार रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
शुक्रवार को उनकी शवयात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक ललित फर्स्वाण, संचार सचिव वैभव वालिया, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा, महानगर अध्यक्ष जसविंदर गोपी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महासचिव नवीन जोशी, मनीष नागपाल, सोनिया आनंद, पूर्व विधायक राजकुमार, सुरेंद्र रांगड़, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा और कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना भी लक्खीबाग श्मशान घाट पहुंचे और दिवंगत अमर मेहता को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

