home page

डीएवी पीजी कॉलेज और हरितधरा फाउंडेशन के बीच एमओयू, विद्यार्थियों को मिलेगा मुफ्त कौशल प्रशिक्षण

 | 
डीएवी पीजी कॉलेज और हरितधरा फाउंडेशन के बीच एमओयू, विद्यार्थियों को मिलेगा मुफ्त कौशल प्रशिक्षण


- तीन साल के समझौते के तहत रोजगारपरक कौशल, उद्यमिता और जलवायु कार्रवाई का प्रशिक्षण

- प्रशिक्षण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को संयुक्त ई-प्रमाणपत्र और इंटर्नशिप के अवसर भी मिलेंगे

देहरादून, 19 नवंबर (हि.स.)। डीएवी (पीजी) कॉलेज देहरादून और हरितधरा रिसर्च डेवलपमेंट एंड एजुकेशन फाउंडेशन के बीच विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल और सतत उद्यमिता का प्रशिक्षण देने के लिए तीन वर्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर आज हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत छात्र-छात्राओं को 21वीं सदी के कौशल, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु कार्रवाई से जुड़े प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क दिए जाएंगे।

गुरुवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार और हरितधरा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अनंत भास्कर ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य विशेष रूप से सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को रोजगार के योग्य बनाना और उनकी आजीविका के अवसर बढ़ाना है।

समझौते के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 33 से 35 घंटे का प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसमें स्पोकन इंग्लिश, संवाद कौशल, सीवी निर्माण, डिजाइन थिंकिंग, उद्यमिता, संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों और व्यावहारिक परियोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा जलवायु कार्रवाई और सतत परिसर विषय पर चार से आठ घंटे के बूटकैंप भी आयोजित होंगे। इनमें विद्यार्थी ऊर्जा, जल, कचरा प्रबंधन और परिवहन से जुड़े परिसर का व्यावहारिक आकलन कर हरित कार्ययोजना तैयार करेंगे।

प्रशिक्षण में 75 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति और मूल्यांकन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को दोनों संस्थानों की ओर से संयुक्त ई-प्रमाणपत्र दिया जाएगा। उन्हें इंटर्नशिप और पोर्टफोलियो निर्माण में भी सहायता मिलेगी। विद्यार्थियों की परियोजनाओं और प्रोटोटाइप पर बौद्धिक संपदा का अधिकार भी उन्हीं के पास रहेगा।

प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार ने कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और रोजगारपरक क्षमताओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगी। वहीं, डॉ. अनंत भास्कर ने कहा कि व्यावहारिक और गतिविधि आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना इस पहल का उद्देश्य है।

कार्यक्रम में प्रो. एचएस रंधावा, प्रो. प्रशांत सिंह, डॉ. ओनिमा शर्मा और प्रो. गीतांजलि तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय