स्वास्थ्य सेवा अंतिम व्यक्ति का अधिकार, धरातल पर पहुंचाना प्राथमिकता: नितिन
हरिद्वार, 11 सितंबर (हि.स.)। श्री गंगा सभा के अध्यक्ष एवं ग्रामीण स्वास्थ्य दर्जाप्राप्त राज्य मंत्री नितिन गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर दे रही है।
शुक्रवार को प्रेम हॉस्पिटल में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलीशा सैनी शर्मा, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की उपाध्यक्ष एवं आईवीएफ कंसलटेंट डॉ. संध्या शर्मा, सचिव कपिल मोदी, कोषाध्यक्ष विवेक अग्रवाल और दिनेश पुंडीर ने नितिन गौतम को सम्मानित किया।
नितिन गौतम ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे वह पद नहीं, जनता के प्रति जवाबदेही मानते हैं। लक्ष्य है कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ फाइलों तक सीमित न रहे, बल्कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। वह सरकार और जनता के बीच प्रभावी और जवाबदेह सेतु की भूमिका निभाएंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमियों और लापरवाही को नजरअंदाज नहीं होने देंगे। जहां व्यवस्था कमजोर मिलेगी, वहां आवाज उठेगी और सरकार का ध्यान खींचा जाएगा, ताकि गरीब, किसान और श्रमिक परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य के लिए भटकना न पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

