home page

मुख्यमंत्री धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर की बात, संवाद से गलतफहमी दूर करने पर जोर

 | 
मुख्यमंत्री धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर की बात, संवाद से गलतफहमी दूर करने पर जोर


देहरादून, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान दोनों के बीच हाल में हुई घटनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सद्भाव और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अतिथि देवो भव: की समृद्ध परंपरा का वाहक है। राज्य की लोक संस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और आपसी सद्भाव की भावना उसकी विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कला, संस्कृति और कलाकारों का हमेशा स्वागत और सम्मान किया जाता रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक परंपराएं लोगों के बीच आपसी सम्मान, सौहार्द और मेल-मिलाप की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हाल की घटना को पीछे छोड़ते हुए बातचीत और सकारात्मक सोच के माध्यम से आगे बढ़ने का प्रयास किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि इस प्रकरण को आपसी संवाद और सद्भाव के साथ पीछे छोड़कर आगे बढ़ा जाए। उनके संदेश में कलाकारों के सम्मान और राज्य की अतिथि सत्कार की परंपरा को भी रेखांकित किया गया।

उल्लेखनीय है कि टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित मां कुंजापुरी मेले में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और दलेर मेहंदी के बीच हुए घटनाक्रम के बाद यह प्रकरण सोशल मीडिया के सामने आया। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गायक की प्रस्तुति को लेकर मंत्री की टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया था। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री उनियाल ने दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर असंतोष जताया था। मंत्री ने आरोप लगाया था कि गायक अपेक्षा के अनुरूप प्रस्तुति नहीं दे रहे थे और पहले से रिकॉर्ड किए गए संगीत का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने गायक के नशे में होने संबंधी टिप्पणी भी की थी।

_________________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय