home page

तीन दुग्ध समितियों के उत्पादकों को 29.39 लाख रुपये का बोनस वितरित

 | 
तीन दुग्ध समितियों के उत्पादकों को 29.39 लाख रुपये का बोनस वितरित


हल्द्वानी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की तीन दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में दुग्ध उत्पादकों को कुल 29 लाख 39 हजार 104 रुपये का बोनस वितरित किया गया। धनतेरस और दीपावली से पहले बोनस मिलने पर दुग्ध उत्पादकों ने संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा का आभार जताया।

संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में हल्द्वानी के बेड़ा पोखरा, कालाढूंगी की कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में बोनस वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन समितियों में कुल तीन करोड़ 81 लाख 41 हजार 440 रुपये मूल्य के दूध की खरीद पर बोनस दिया गया।

बेड़ा पोखरा समिति में एक करोड़ 24 लाख 51 हजार 891 रुपये की दुग्ध खरीद पर 13 लाख 94 हजार 748 रुपये, कमोला समिति में एक करोड़ 42 लाख रुपये की खरीद पर 10 लाख रुपये और दोहनिया समिति में एक करोड़ 14 लाख 89 हजार 549 रुपये की खरीद पर पांच लाख 44 हजार 356 रुपये का बोनस वितरित किया गया।

कमोला समिति में वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक भी आयोजित की गई।

इस अवसर पर बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। पशुपालकों की मेहनत का सम्मान करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का विश्वास और सहयोग ही संघ की ताकत है। उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके हितों को प्राथमिकता देना संघ का उद्देश्य है।

कार्यक्रम में सर्वाधिक दूध उपलब्ध कराने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान समिति अध्यक्ष हेमंती राणा, एसपी सिंह, बचे सिंह, शेखर जोशी, विनोद चंद्र बेलवाल, सचिव हीरा सिंह गंगोला, दयाकिशन सुयाल, संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू और एफओ शांति कोरंगा सहित अन्य दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता