home page

साइबर ठगी की शिकार महिला के रुपये पुलिस ने वापस दिलाए

 | 
साइबर ठगी की शिकार महिला के रुपये पुलिस ने वापस दिलाए


हरिद्वार, 04 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में साइबर अपराध के मामलों में हरिद्वार पुलिस की सतर्कता का एक और सकारात्मक उदाहरण सामने आया है। साइबर ठगी का शिकार हुई एक पीडि़ता को पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसकी पूरी धनराशि वापस मिल गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम रावली महदूद, सिडकुल निवासी एक महिला के साथ 02 जनवरी को 52,300 की साइबर ठगी हो गई थी। घटना के बाद पीडि़ता ने साइबर क्राइम सेल हरिद्वार में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत प्राप्त होते ही हरिद्वार पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक और साइबर सेल के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू की। पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार फॉलोअप के चलते पीडि़ता की पूरी धनराशि 52,300 सफलतापूर्वक वापस दिला दी गई।अपना पैसा वापस मिलने पर पीडि़ता ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी की घटना होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला