home page

मोबाइल रिपेयर कराने के बाद दो बैंक खातों से 1.69 लाख रुपये गायब

 | 
मोबाइल रिपेयर कराने के बाद दो बैंक खातों से 1.69 लाख रुपये गायब


हरिद्वार, 29 अगस्त (हि.स.)। हरकी पैड़ी क्षेत्र में मोबाइल रिपेयर कराने के बाद एक व्यक्ति के दो बैंक खातों से 1.69 लाख रुपये गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार चमोली निवासी सचिन सिंह ने 25 अगस्त की शाम हरकी पैड़ी क्षेत्र की एक दुकान पर अपना मोबाइल ठीक कराने के लिए दिया था। करीब 45 मिनट बाद दुकानदार ने मोबाइल वापस कर दिया। बाद में सचिन ने गूगल पे के माध्यम से खाते का बैलेंस चेक किया तो एसबीआई खाते से 74 हजार रुपये कम मिले। बैंक ऑफ बड़ौदा का खाता जांचने पर उसमें भी 95 हजार रुपये कम पाए गए।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने किसी को कोई रकम ट्रांसफर नहीं की है। उसे आशंका है कि मोबाइल में कोई ऐप इंस्टॉल कर अथवा डेटा चुराकर ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई है।

कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शनिवार को तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की सहायता से मामले की जांच की जा रही है। मोबाइल रिपेयर करने वाले दुकानदार से भी पूछताछ की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला