home page

मालिश के बहाने बुजुर्ग का सोने का गहना उड़ाने वाला गिरफ्तार

 | 
मालिश के बहाने बुजुर्ग का सोने का गहना उड़ाने वाला गिरफ्तार


हरिद्वार, 30 जुलाई (हि.स.)। कनखल पुलिस ने मालिश के बहाने बुजुर्गों को झांसा देकर उनके सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत का चोरी किया गया सोने का कड़ा बरामद हुआ है।

थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने गुरुवार को बताया कि 13 जुलाई को आर.के. मिशन रोड निवासी नरेश अरोड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने हाथ के दर्द का इलाज करने के बहाने मालिश की और उनका सोने का कड़ा उतरवाकर बहते पानी से हाथ धोने के लिए भेज दिया। पीड़ित के बाहर जाते ही आरोपी कड़ा लेकर फरार हो गया।

मुकदमा दर्ज होने के बाद गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से जांच करते हुए उल्हेड़ा गांव जाने वाले मार्ग से हंश कुमार पुत्र कंवरभान, निवासी ग्राम उल्हेड़ा, थाना मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने का कड़ा बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश में इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार वह अकेले रहने वाले बुजुर्ग महिला-पुरुषों को निशाना बनाता था और गहने चोरी के कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला