प्रसून जोशी ने सीएम धामी से की भेंट, उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने पर चर्चा
देहरादून, 12 नवंबर (हि.स.)। प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार, कवि और लेखक प्रसून जोशी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोककला और परंपराएं राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं को व्यापक मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने साहित्य, गीत लेखन, सिनेमा और रचनात्मक जगत में प्रसून जोशी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कला और साहित्य समाज की संवेदनाओं, विचारों और सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम हैं। इनके जरिए देश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
बैठक में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विशिष्टताओं को संचार एवं प्रसारण के विभिन्न माध्यमों से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा राज्य की लोककला और लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

