home page

अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए अभियोजन प्रक्रिया मजबूत करें : मुख्य सचिव

 | 
अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए अभियोजन प्रक्रिया मजबूत करें : मुख्य सचिव


देहरादून, 08 सितंबर (हि.स.)। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर अभियोजन से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मामलों के त्वरित निस्तारण और दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि अभियोजन प्रक्रिया का उद्देश्य दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाना है। इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अभियोजन से संबंधित मामलों में स्टैंडिंग कमेटी की बैठकें निर्धारित समय पर आयोजित नहीं होने पर नाराजगी जताई और नियमित रूप से बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियोजन मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी जनपदों में जघन्य अपराधों के मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने त्वरित कार्रवाई और प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है, इसलिए जघन्य अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए।

मुख्य सचिव ने अभियोजन प्रक्रिया में सामने आ रही व्यावहारिक, प्रक्रियात्मक और समन्वय संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा, प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय करने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 15 सितंबर से 18 अक्टूबर तक प्रदेश में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी जिलाधिकारियों को दी। उन्होंने बताया कि ‘भारत 2047’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 08 अक्टूबर तक छात्र विकसित भारत एवं भारत 2047 विषय पर निबंध, चित्र और भाषण प्रस्तुत करेंगे। जिला स्तर पर प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी और श्रेष्ठ चित्रों को एनिमेटेड लघु फिल्मों में शामिल कर प्रदर्शित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ‘सेवा और सपना’ के तहत प्रदेश के विद्यालयों में प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। वहीं, 01 से 07 अक्टूबर तक ‘हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा, स्टार्टअप्स और रिसर्चर्स तकनीक, विकास एवं सोशल इनोवेशन सहित विभिन्न विषयों पर भविष्य के समाधान तैयार करेंगे।

‘जन कल्याण संवाद’ के तहत प्रौद्योगिकी, खेल, कला, विज्ञान और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में प्रभावशाली व्यक्तियों को एक मंच पर लाया जाएगा। वहीं, 07 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ के अवसर पर रिले मैराथन, खेल प्रतियोगिता, साइकिलिंग और बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पेशेवर खिलाड़ियों के साथ आम नागरिक भी भाग लेंगे।

बैठक में प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, एल फेनाई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विजय कुमार, चंद्रेश कुमार यादव, रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, बृजेश कुमार संत, रणवीर सिंह चौहान, डॉ. वी. षणमुगम, युगल किशोर पंत, विनोद कुमार सुमन, राजेंद्र कुमार, धीराज सिंह गरब्याल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, गढ़वाल आयुक्त आनन्द स्वरूप और सभी जिलों के जिलाधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक में जुड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय