सोमवती अमावस्या पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कुंभ की तैयारियों को परखने का बना बड़ा अवसर
हरिद्वार, 15 जून (हि.स.)। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हरकी पैड़ी सहित गंगा के विभिन्न घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मेला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
मेलाधिकारी ने मेला नियंत्रण भवन स्थित केन्द्रीय नियंत्रण कक्ष (सीसीआर) का निरीक्षण किया व टावर से हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ के दबाव और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी नेटवर्क, भीड़ निगरानी प्रणाली, ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय व्यवस्था की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया गया।
सोनिका ने कहा कि हरिद्वार के प्रमुख स्नान पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को परखने का महत्वपूर्ण अवसर भी हैं। इन आयोजनों के दौरान वास्तविक परिस्थितियों में व्यवस्थाओं की कार्यक्षमता का परीक्षण किया जा रहा है, जिससे भविष्य की चुनौतियों का बेहतर अनुमान लगाकर प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके।
उन्होंने बताया कि मेला प्रशासन स्नान पर्वों के दौरान जुटाए गए आंकड़ों और अनुभवों का विस्तृत विश्लेषण कर रहा है। विशेष रूप से यह अध्ययन किया जा रहा है कि किन स्थानों और समयों पर सबसे अधिक भीड़ का दबाव बनता है, श्रद्धालुओं की आवाजाही के प्रमुख मार्ग कौन से हैं, आपातकालीन परिस्थितियों में प्रतिक्रिया समय कितना है तथा यातायात संचालन को और अधिक सुगम कैसे बनाया जा सकता है।
मेलाधिकारी के अनुसार आगामी कुंभ मेले के लिए तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली, रियल-टाइम क्राउड एनालिटिक्स, उन्नत ट्रैफिक मैनेजमेंट, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत किया जा रहा है। प्रत्येक बड़े स्नान पर्व से प्राप्त फीडबैक को योजनाओं में शामिल कर व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों में से एक है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा निर्बाध सुविधाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मेला प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा है ताकि आगामी कुंभ मेले में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार तथा मेला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

