सीडीओ ने गेहूं की क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का किया निरीक्षण
टिहरी, 04 अप्रैल (हि.स.)। टिहरी जिले के विकासखंड नरेंद्र नगर के ग्राम ओणी में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वरूणा अग्रवाल ने शनिवार को गेहूं की क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में फसल की उपज और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कास्तकार तोता सिंह के खेत में 30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में गेहूं की कटाई से 23.707 किलोग्राम गेहूं उत्पादन प्राप्त हुआ, जबकि रमेश के खेत में समान क्षेत्रफल से 23.7 किलोग्राम उत्पादन दर्ज किया गया।
उन्होंने क्रॉप कटिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता और सटीक आंकलन पर विशेष बल देते हुए मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी को निर्देश दिए कि क्षेत्र की वास्तविक औसत पैदावार निर्धारित करने के लिए पिछले दो-तीन वर्षों के आंकड़ों का गहन विश्लेषण किया जाए। साथ ही पिछले वर्ष के तुलनात्मक आंकड़े भी प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार का विश्लेषण भविष्य की कृषि नीतियों एवं संभावित आपदा राहत कार्यों के लिए महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया वैज्ञानिक और निष्पक्ष ढंग से पूरी की जाए, जिससे किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्यांकन मिल सके।
इस अवसर पर तहसीलदार नरेंद्र अयोध्या प्रसाद उनियाल, पटवारी विनोद राणा, इंश्योरेंस कंपनी के अजय राणा सहित संबंधित कृषक उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

