लक्सर में घरों के अंदर मिले दो विशालकाय मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत
हरिद्वार, 19 अक्टूबर (हि.स.)। लक्सर क्षेत्र में मगरमच्छों के आबादी वाले इलाकों में पहुंचने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को दो अलग-अलग गांवों में घरों के अंदर विशालकाय मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मगरमच्छों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
पहली घटना खेड़ी कला गांव की है। यहां रणबीर पुत्र रतीराम की बैठक में सोमवार तड़के करीब चार बजे विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया। अचानक मगरमच्छ नजर आने से परिवार के लोग घबरा गए। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। उसकी लंबाई करीब आठ से दस फुट बताई गई है।
वहीं, दूसरी घटना टांडा महतोली गांव में सामने आई। यहां ग्राम प्रधान युवराज के घर के अंदर मगरमच्छ होने की सूचना मिली। इसके बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। दो अलग-अलग गांवों में घरों के अंदर मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा।
दोनों स्थानों पर रेस्क्यू अभियान वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में वन आरक्षी सुमित कुमार सैनी, गुरजंट सिंह और भोपाल सिंह शामिल रहे।
वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि लक्सर क्षेत्र में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचनाएं लगातार मिल रही हैं। वन विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित पकड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि मगरमच्छ दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और न ही उसे पकड़ने की कोशिश करें। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाकर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

