home page

नैनीताल में 65 लाख रुपये की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार

 | 
नैनीताल में 65 लाख रुपये की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार


हल्द्वानी, 7 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने 218.04 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत पुलिस ने करीब 65.40 लाख रुपये बताई है।

बुधवार को हल्द्वानी के बहुउद्देश्यीय भवन सभागार में पुलिस अधीक्षक (क्राइम) डॉ. जगदीश चन्द्र ने प्रेस वार्ता कर भारी मात्रा में स्मैक बरामदगी के मामले में की गई कार्रवाई की पत्रकारों को जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी और कोतवाली लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की। सुभाष नगर बैरियर के पास एक अल्टो कार की तलाशी के दौरान 218.04 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मौके से नदीम खान उर्फ गंठा (36) और मोहम्मद शफीक उर्फ शफी (51) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में आगे की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में नदीम खान ट्रक चालक है और उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के सिरौली कला क्षेत्र में रहता है, जबकि मोहम्मद शफीक बरेली जिले का निवासी है और हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 218.04 ग्राम स्मैक के अलावा अल्टो कार संख्या यूपी-24एच-4787 भी बरामद की है। एसएसपी ने गिरफ्तारी टीम को सराहनीय कार्य के लिए 2,000 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता