गंगा में नॉनवेज फेंकने का मामला: बाइक की पहचान, दो लोगों पर मुकदमा दर्ज
हरिद्वार, 22 मई (हि.स.)। ज्वालापुर क्षेत्र में गंग नहर में कथित रूप से चिकन बिरयानी फेंकने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि ज्वालापुर के लालपुल के पास नॉनवेज की दुकान चलाने वाले दो युवक बचा हुआ सामान नीले रंग के ड्रम में भरकर गंग नहर में डाल रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें ऐसा करते देख विरोध किया और मौके पर हंगामा हो गया। इस दौरान वीडियो बना रहे युवक और आरोपियों के बीच गाली-गलौज व हाथापाई भी हुई।
हिंदूवादी संगठनों और साधु-संतों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की। हिंदू क्रांति दल से जुड़े चरनजीत पाहवा ने ज्वालापुर कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि 18 मई की रात दो युवक दुर्गा विहार क्षेत्र के पास बाइक से पहुंचे और गंगा में नॉनवेज बिरयानी फेंकने लगे। विरोध होने पर वे ड्रम छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, मामले में दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि जांच जारी है। वहीं सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने कहा कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही बाइक की पहचान कर ली गई है और जल्द ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

