home page

नाबालिग की जबरन शादी, तबीयत बिगड़ने व गर्भवती होने पर खुला राज

 | 

हरिद्वार, 27 मई (हि.स.)। जनपद के मंगलौर क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची की कथित तौर पर चोरी-छिपे जबरन शादी कराने का मामला सामने आया है। मामला तब उजागर हुआ जब किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। दस्तावेजों की जांच में उसकी उम्र करीब 14 साल पाई गई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि नाबालिग की शादी अवैध रूप से कराई गई थी। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने पति, ससुराल पक्ष और मायके पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित पति को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इतनी कम उम्र में शादी कब और किन परिस्थितियों में कराई गई, तथा इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला