home page

पुलिस की छापेमारी में 220 किलो संदिग्ध मांस बरामद, दो गिरफ्तार

 | 
पुलिस की छापेमारी में 220 किलो संदिग्ध मांस बरामद, दो गिरफ्तार


हरिद्वार, 09 मार्च (हि.स.)। जनपद में अवैध रूप से पशुओं के कटान और बिना लाइसेंस मांस की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भगवानपुर कस्बे में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक दुकान से 220 किलो संदिग्ध मांस, मांस काटने के उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया मामले में पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध बुचड़खानों और बिना लाइसेंस मांस बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भगवानपुर कस्बे में पशुओं का अवैध मांस बेचने की सूचना मिलने पर आज पुलिस टीम ने छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान फजलू रहमान पुत्र इरफान निवासी सिकंदरपुर भैंसवाल, जिला हरिद्वार और अकरम पुत्र नानू निवासी सिकरौड़ा, कोतवाली भगवानपुर, हरिद्वार की दुकान से 220 किलो संदिग्ध मांस बरामद किया गया। इसके साथ ही भारी मात्रा में मांस काटने के उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस ने मौके से दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाकर मांस की जांच कराई गई और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला