home page

मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व सैनिक की गोली लगने से मौत

 | 
मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व सैनिक की गोली लगने से मौत


मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व सैनिक की गोली लगने से मौत


देहरादून, 30 मार्च (हि. स.)। उत्तराखंड के देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्रान्तर्गत मसूरी रोड पर सोमवार सुबह ओवरटेकिंग को लेकर दो कार सवारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें की गई फायरिंग की चपेट में आकर मॉर्निंग वॉक पर निकले एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेन्द्र डोभाल, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी और राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो एन कार में सवार व्यक्तियों के बीच वाहन को पास न देने को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए उसे रोकने के उद्देश्य से उसके टायरों पर फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति को लग गई, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के क्रम में फॉर्च्यूनर वाहन जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के साथ मारपीट कर वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश में जनपद भर में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।

मंत्री गणेश जोशी ने मृतक ब्रिगेडियर के परिजनों से की मुलाकात

मसूरी रोड के मालसी क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मृत्यु पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

मंत्री गणेश जोशी घटना के बाद मैक्स अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ शीघ्र एवं कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मालसी-जोहड़ी गांव जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा आवश्यक स्थानों पर पिकेट स्थापित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय